सरगुजा में सरपंच की करैत सांप के काटने से मौत, अंबिकापुर में इलाज से पहले तोड़ा दम


सरगुजा जिले के ग्राम पंचायत बतौली की महिला सरपंच जगरमती पैकरा (48) की करैत सांप के काटने से मौत हो गई। वह गुरुवार को अपने घर पर मेहमानों के साथ खाना खाने के बाद जमीन पर सो रही थी। घर में मेहमान आने के कारण उन्होंने अपना पलंग मेहमानों को दे दिया था और जगरमती पैकरा तथा उनके पति विशुन पैकरा जमीन पर ही बिस्तर बिछाकर सो रहे थे।
रात करीब ढाई बजे जगरमती पैकरा बेचैन होकर उठी और उन्हें उल्टी होने लगी। परिजनों ने पेट की मरोड़ होने पर मालिश शुरू की, तो पेट में सांप काटने के निशान दिखे। परिजनों ने कमरे में तलाश की तो वहां करैत सांप दिखा। परिजनों ने करैत सांप को टब से ढंक दिया और जगरमती पैकरा को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली पहुंचे।
हॉस्पिटल में एंटी स्नैक वेनम देने के बाद उन्हें अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें लेकर अंबिकापुर पहुंचे। मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि जब तक परिजनों को सर्पदंश की जानकारी मिली, जहर फैल चुका था, इसके कारण महिला सरपंच को बचाया नहीं जा सका।
अंबिकापुर में पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। जगरमती पैकरा के तीन बच्चे हैं। दो बेटों की शादी हो चुकी है। बेटी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है।
सरगुजा में हर साल बारिश के मौसम में करैत सांप के काटने से दर्जनों मौतें होती हैं। करैत के काटने के दो से तीन घंटे के अंदर ही पीड़ित व्यक्ति की हालत बिगड़ जाती है और ज्यादातर मामलों में मौत हो सकती है।
सरगुजा सीएमएचओ डॉ. पीएस मार्को ने बताया कि जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी स्नैक वेनम का स्टॉक है। समय पर इलाज मिलने पर लोगों की जान बच जाती है।

