छत्तीसगढ़

कांकेर में जमीन विवाद में युवक की मौत:पखांजूर के गांव में तनाव, मौके पर पुलिस और तहसीलदार पहुंचे, भारी पुलिस बल तैनात




कांकेर जिले में रविवार को जमीन विवाद को लेकर हुए संघर्ष में एक युवक की मौत हो गई। इस घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल भी हुए हैं। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। यह मामला पखांजूर थाना क्षेत्र के ग्राम पीव्ही-27 का है। जानकारी के अनुसार, ग्राम पीव्ही-27 निवासी गोपाल मजुमदार और रास बिहारी राय के बीच लगभग एक दशक से आधा एकड़ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। वर्तमान में इस भूमि पर रास बिहारी राय का कब्जा है, जबकि गोपाल मजुमदार इसे अपनी पट्टे की जमीन बताते हुए कब्जा लेने का प्रयास कर रहे थे। यह मामला पखांजूर सिविल कोर्ट में विचाराधीन है, लेकिन इसके बावजूद दोनों पक्षों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। विवाद को लेकर दोनों पक्ष में खूनी संघर्ष रविवार को इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर यह खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें कुल्हाड़ी और टंगिया जैसे हथियारों का इस्तेमाल किया गया। आरोप है कि रास बिहारी राय पक्ष ने गोपाल मजुमदार के बड़े बेटे जीवेश मजुमदार (30) पर टंगिया से हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और हत्या में इस्तेमाल टंगिया जब्त कर ली है। घटना के बाद गांव में तनाव घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। आरोपी पक्ष के घरों की सुरक्षा भी बढ़ाई गई है, ताकि तोड़फोड़ या आगजनी जैसी घटनाओं को रोका जा सके। इस बीच, घटना से आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में पखांजूर थाना पहुंचे। उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए थाने का घेराव किया। इसके बाद ग्रामीण वहीं बैठ गए और विरोध जताने लगे। संजय मजुमदार, धनंजय मजुमदार समेत सैकड़ों ग्रामीणों ने आरोपी पक्ष के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाने की भी मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त तहसीलदार युवराज साहू मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि सोमवार को गांव आकर पूरे मामले की जांच की जाएगी। इसके बाद ग्रामीण शांत हो गए और अपने घर लौट गए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!