छत्तीसगढ़ में दो जिलों से 3.54 करोड़ का गांजा बरामद, पुलिस खंगाल रही तस्करी का नेटवर्क

छत्तीसगढ़ के कांकेर और केशकाल जिलों में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 3 करोड़ 54 लाख रुपए का गांजा जब्त किया है। ये कार्रवाई दो अलग-अलग घटनाओं में की गई, जहां कांकेर में तस्कर पुलिस की भनक लगते ही गांजे की बोरियां छोड़कर भाग निकले, वहीं केशकाल में एक कार से भारी मात्रा में गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस दोनों ही मामलों में तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है।
पहली कार्रवाई कांकेर के कोतवाली थाना क्षेत्र के सिगारभाट स्थित गढ़िया पहाड़ के किनारे हुई। यहां पुलिस ने लावारिस हालत में गांजे की 70 बोरियां बरामद कीं। इन बोरियों का कुल वजन 2 क्विंटल 80 किलो था और इनकी अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 50 लाख रुपए आंकी गई है। जानकारी के अनुसार, बुधवार को तस्कर ओडिशा से विश्रामपुरी और केशकाल के रास्ते कांकेर पहुंचे थे। गांजा तस्करी की सूचना मिलने पर केशकाल पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी और कांकेर पुलिस को भी इसकी जानकारी दी गई थी। दोनों टीमों ने मिलकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि तस्करों को पुलिस की घेराबंदी की भनक लग गई थी, जिसके बाद वे गांजे की बोरियां पहाड़ के पास फेंककर मौके से फरार हो गए। मुखबिर की सूचना पर कांकेर पुलिस मौके पर पहुंची और गांजा जब्त कर लिया। कांकेर SDOP हरीश पाटिल के मुताबिक, पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों की जांच के दौरान यह गांजा बरामद किया है। इस तस्करी में इस्तेमाल की गई दो गाड़ियों की पहचान कर ली गई है और एक कार के ड्राइवर को भी चिह्नित किया गया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार काम कर रही है।
दूसरी बड़ी कार्रवाई केशकाल पुलिस ने 3 नवंबर को सूचना के आधार पर की। पुलिस ने एक कार (OD-10-V-7053) को रोककर उसकी तलाशी ली। कार से कुल 407 किलो 910 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 3 लाख 95 हजार 500 रुपए है। यह गांजा कार में 78 पैकेटों में टेप से लपेटकर ड्राइवर सीट के पीछे और डिक्की में छिपाकर रखा गया था।
कार के ड्राइवर ने पूछताछ में अपना नाम दीपक कुमार माली (31) बताया, जो राजस्थान का रहने वाला है। पुलिस को कार के डैशबोर्ड में छिपाकर रखी गई एक अतिरिक्त नंबर प्लेट भी मिली, जिस पर RJ-23-UB-8472 लिखा हुआ था। आरोपी के पास से एक रेडमी मोबाइल फोन और 1, 100 रुपए नकद भी बरामद किए गए।
इस कार्रवाई में पुलिस ने गांजा, कार, मोबाइल फोन और अन्य सामान सहित कुल 2 करोड़ 18 लाख 96 हजार 600 रुपए की संपत्ति जब्त की। आरोपी दीपक कुमार माली के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया। अदालत में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश पर जिले में गांजा और शराब तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। केशकाल में हुई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रितेश मिश्रा सहित उपनिरीक्षक कंवल सिंह शोरी, सहायक उपनिरीक्षक भगत सिंह नेताम, सुरेश मरकाम, प्रधान आरक्षक ईश्वर नेताम, संजय बिसेन और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस दोनों ही मामलों में आगे की जांच कर रही है ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों को भी पकड़ा जा सके।



